Kangana Ranaut New Video: भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों अपने Gen-Z को लेकर दिए बयानों को लेकर सुर्खियों में है। वही अब उन्होंने एक नया वीडियो जारी कर अपने बयानों को लेकर स्पष्टीकरण दिया और मीडिया और फेमिनिस्ट पर निशाना साधते हुए कहा कि वह युवाओं के खिलाफ नहीं बल्कि सड़क पर होने वाले अश्लील व्यवहार का विरोध कर रही थी।
कंगना के जनरेशन गटर बयान से हुई थी शुरुआत
दरअसल कंगना रनौत ने नई पीढ़ी की पश्चिमी सोच वाली महिलाओं को जनरेशन गटर कहा था जिसके बाद यह विवाद शुरू हो गया। कंगना का कहना था कि आज की पीढ़ी नशा करने और शारीरिक संबंध बनाने को अपनी आजादी मानती है जबकि इनमें से अधिकांश युवा अपने अभिभावकों की कमाई पर निर्भर रहते हैं और अपनी जिम्मेदारियों से भागते है। कंगना के अनुसार इस पीढ़ी में अनुशासन और संस्कार की कमी है।
आलोचना के बाद कंगना ने जारी किया नया वीडियो
चारों तरफ से हो रही आलोचनाओं के बाद कंगना रनौत ने एक वीडियो जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया है और मीडिया उनके सकारात्मक बयानों को छिपा रहा है। कंगना ने कहा कि उन्होंने उन प्रदर्शनकारियों का विरोध किया था, जो सड़क पर बच्चों और बुजुर्गों के सामने अनैतिक और अभद्र व्यवहार कर रहे थे। उनका मानना है कि समाज में ऐसी हरकतों को सामान्य नहीं माना जा सकता, क्योंकि इससे बच्चों पर गलत असर पड़ता है और बुजुर्गों को शर्मिंदगी उठानी पड़ती है।
मीडिया और फेमिनिस्ट पर लगाए आरोप
कंगना ने अपने वीडियो में मीडिया पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया केवल लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए उनके खिलाफ माहौल बना रहा है। इसके साथ ही उन्होंने उन 'फेमिनिस्ट' एंकर्स की भी आलोचना की, जो युवाओं पर मर्यादा का बोझ न डालने की वकालत करती हैं। कंगना ने स्पष्ट किया कि मर्यादा में रहना कोई विकल्प नहीं, बल्कि सभ्य समाज का नियम है। उन्होंने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि किसी की आजादी वहीं खत्म हो जाती है, जहां से दूसरे के अधिकार शुरू होते हैं।

