Uttarkashi News: लोक निर्माण विभाग (PWD) उत्तरकाशी की सड़क निर्माण कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 3 किलोमीटर सड़क का काम चार साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। सड़क का निर्माण प्रथम चरण के बाद अधूरा पड़ा है, जिससे आवाजाही करने वाले लोगों को लंबे समय से परेशानियां उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क का काम लंबे समय से अधूरा होने के कारण क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पूरी होने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में हो रही देरी से उनकी दिक्कतें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही हैं।
जसपुर के आगे धंसा सड़क का बैंड
सड़क अधूरी होने के साथ ही जसपुर के आगे बनाया गया बैंड भी अब समस्या का कारण बन गया है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क कटिंग के बाद यह हिस्सा बुरी तरह धंस गया है। करीब 30 से 40 मीटर हिस्से में भू-धंसाव होने की बात ग्रामीणों ने कही है। ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा स्थिति में केवल बैंड की मरम्मत करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। जिस स्थान पर बैंड बनाया गया है, वहां जमीन के धंसने की समस्या लगातार बनी हुई है।
पीछे की ओर से नया बैंड बनाने की मांग
ग्रामीणों ने अब विभाग से मौके का निरीक्षण कर बैंड को पीछे की ओर से काटकर नया बैंड बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मौजूदा स्थान पर ही बार-बार मरम्मत की जाती रही तो समस्या दोबारा सामने आ सकती है।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क को सुरक्षित और लंबे समय तक सुचारु रखने के लिए तकनीकी जांच के बाद स्थायी समाधान निकाला जाना जरूरी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से जल्द मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण और धंसे हुए बैंड को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले में अब ग्रामीणों की नजर विभाग की कार्रवाई पर है कि अधूरी सड़क और धंसे हुए बैंड की समस्या को लेकर कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।

