बीकेटीसी घोटाला को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता विकेश सिंह नेगी ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर दावा किया है कि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने यात्राकाल के दौरान वीआईपी मेहमानों के आवास, भोजन और हेलीकॉप्टर टिकटों पर लाखों रुपये खर्च किए।
अधिवक्ता नेगी का आरोप है कि श्रद्धालुओं के दान और चढ़ावे से जुड़े मंदिर कोष का इस्तेमाल राजनीतिक मेहमाननवाजी में किया गया। आरोपों के मुताबिक कई भाजपा और संघ से जुड़े नेताओं तथा अन्य व्यक्तियों को “अतिथि” दिखाकर विशेष सुविधाएं दी गईं।
वीआईपी मेहमानों पर खर्च के आरोप
आरटीआई दस्तावेजों के अनुसार, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की पुत्री नेहा जोशी के दो दिन के आवास और भोजन पर करीब 60 हजार रुपये खर्च किए गए। वहीं आशा नौटियाल के आवास पर 37,500 रुपये, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी पर 22 हजार रुपये और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं व RSS से जुड़े लोगों पर भी हजारों रुपये खर्च होने का दावा किया गया है।
बीकेटीसी घोटाला के आरोप
बीकेटीसी घोटाला के आरोपों में हेलीकॉप्टर टिकटों का मामला भी शामिल है। नेगी का कहना है कि बीकेटीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अतिथियों के हेली टिकटों का भुगतान भी मंदिर समिति के कोष से किया गया, जिससे लाखों रुपये खर्च हुए।
अधिवक्ता विकेश सिंह नेगी ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि केदारनाथ मंदिर और बदरीनाथ मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और यहां किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
