Uttarkashi Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और देश में लगातार हो रहे पेपर लीक को लेकर उत्तरकाशी में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस विरोध प्रदर्शन में स्थानीय नागरिकों ने भी हिस्सा लिया।
प्रदर्शनकारियों की सबसे प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना है कि देश की शिक्षा व्यवस्था में हो रही गड़बड़ियों और छात्रों पर हो रहे अन्याय की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को तुरंत पद से इस्तीफा देना चाहिए।
इस विरोध प्रदर्शन में छात्रों के अलावा कई स्थानीय महिलाएं, गृहणियां और शिक्षक भी शामिल हुए। प्रदर्शन में पहुंची माताओं का कहना है कि माता-पिता भारी कर्ज लेकर अपने बच्चों को पढ़ने के लिए बाहर भेजते हैं। इसके बावजूद पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं और आवाज उठाने पर बच्चों के साथ मारपीट की जा रही है।
प्रदर्शन में शामिल पूर्व शिक्षकों ने कहा कि वे अपने पढ़ाए हुए बच्चों के समर्थन में आगे आए हैं। उनका मानना है कि गलत नीतियों का विरोध नहीं किया गया तो इसका असर देश की आने वाली पीढ़ी के भविष्य पर पड़ेगा।
