Uttarkashi News: उत्तराखंड के गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भैरवघाटी से लगभग 3 किमी आगे गंगोत्री की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF गंगोत्री और 108 एम्बुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची टीम को पता चला कि UP-20AN-7785 नंबर की बाइक पर तीन लोग सवार थे। हादसे में दो लोग सुरक्षित बच गए, जबकि तीसरा युवक सुरेश लामा (26 वर्ष) पुत्र कुलबहादुर, मूल निवासी नेपाल और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश निवासी, लगभग 200 से 300 मीटर गहरी खाई में गिरने से लापता हो गया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक बीआरओ (BRO) 72 में भैरवघाटी क्षेत्र में कार्यरत हैं और ड्यूटी के सिलसिले में यात्रा कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस और SDRF की टीम ने रात करीब 2:30 बजे तक लगातार खोज एवं बचाव अभियान चलाया, लेकिन भारी बारिश, अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रतिकूल मौसम को देखते हुए रात में रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया। अधिकारियों के अनुसार मौसम अनुकूल होते ही सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन और SDRF की टीम लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है।




