Uttrakhand Monsoon : आपको बता दें कि उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून की बारिश आफत बन गई है।। मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने बादलों के बीच झमाझम बारिश हुई, जबकि मसूरी, देहरादून, सोनप्रयाग, धारचूला, हरिपुर और कालसी में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई।
उत्तराखंड में सबसे अधिक 135 मिमी बारिश मसूरी में हुई। जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया और कई स्थानों पर जलभराव तथा पहाडी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ गया। बुधवार को भी देहरादून और बागेश्वर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने बुधवार के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से अधिक भारी बारिश, गर्जना के साथ, आकाशीय बिजली चमकने एवं अति तीव्र से अत्यंत भारी वर्षा के दौर पडने की संभावना जताई गई है। विशेष रुप से देहरादून में अत्यधिक वर्षा को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों से भारी से अधिक भारी बारिश की चेतावनी
बता दें कि टिहरी, पौडी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ और ऊधमसिंह नगर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और तीव्र से अति तीव्र बारिश की आशंका है।
मौसम विभाग केंद्र ने विशेषकर पहाडी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और यात्रियों को अनावश्यक यात्रा करने, नदी-किनारों से दूर रहने एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

