Unnati Sharma Judo : ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स से उत्तराखंड के लिए एक गर्व की खबर सामने आई है। देहरादून की युवा जूडो खिलाडी उन्नति शर्मा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। ऐसे में उन्नति शर्मा ने केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम वैश्चिक मंच पर नाम रोशन किया है।

अपने शानदार प्रदर्शन से प्राप्त की जीत

दरअसल उन्नति शर्मा ने महिलाओं के 63 किलो भार वर्ग में सफलता हासिल की है। सेमीफाइनल मुकाबले में उनका सामना ऑस्ट्रेलिया की साया मिडलटन से हुआ। यह मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण रहा, जिसमें उन्नति शर्मा को हार का सामना करना पडा। 

कांस्य पदक के मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया। उन्नति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को इप्पोन के जरिए हराकर कांस्य पदक जीत लिया।

कोच सतीश शर्मा के मार्गदर्शन में लिया प्रशिक्षण

उन्नति शर्मा ने वर्षों की कडी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और लगातार बेहतर प्रदर्शन के जरिए पदक प्राप्त किया है। उनका जूडो सफर देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित जूडो हॉल से शुरु हुआ। जहां उन्होंने राष्ट्रीय जूडो कोच सतीश शर्मा के मार्गदर्शन में खेल की बारीकियां सीखकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया।

देहरादून की रहने वाली है उन्नति शर्मा

ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली उन्नति शर्मा देहरादून की डिफेंस कॉलोनी निवासी है। उन्नति शर्मा ने अपनी स्कूली शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल से प्राप्त की है। वहीं उनके पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत है।

उन्नति शर्मा की सफलता के पीछे परिवार की बडी भूमिका

उन्नति शर्मा को इस मुकाम तक पहुंचाने में परिवार ने बड़ा सहयोग किया है। पढाई के साथ-साथ नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के बीच उन्होंने खुद को लगातार निखारा और आज उसी मेहनत का परिणाम कांस्य पदक के रुप में सामने आया है।

वहीं उत्तराखंड में पिछले कुछ वर्षों में खेल सुविधाओं और खिलाडियों के प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिला है। राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद प्रदेश के खिलाडियों का आत्मविश्वास भी बढा है।