Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड के लोगों और वहां घूमने गए पर्यटकों के लिए एक राहत भरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा जारी किए गए ताजा उत्तराखंड मौसम अलर्ट के अनुसार, राज्य के विभिन्न जनपदों में आगामी कुछ दिनों में झमाझम बारिश, आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने संभावित खतरे को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट (Orange and Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार, 28 मई को राज्य के पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।
- प्रभावित जिले: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़।
- मौसम का हाल: उत्तराखंड के इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना है।
- हवा की गति: हवाओं की गति 40-50 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
- राज्य के अन्य जिलों में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने के आसार हैं।
उत्तराखंड मौसम अलर्ट अपडेट
29 मई, 2026 को मौसम अधिक खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दिन के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- प्रभावित जिले (तेज आंधी और ओलावृष्टि): उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़। यहां 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
- भारी बारिश का अलर्ट: इसके साथ ही उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की विशेष चेतावनी जारी की गई है।
30 और 31 मई: येलो अलर्ट और प्रशासन की तैयारी
मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए प्रदेश में येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। हालात को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जनपदों के प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को ‘अलर्ट मोड’ में रखने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
आपदा प्रबंधन विभाग की आम जनता से अपील
खराब मौसम की चेतावनी के बीच, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से विशेष अपील की है।
- खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचें।
- तूफान और बारिश के दौरान सुरक्षित और पक्के स्थानों पर ही रहें।
- आकाशीय बिजली एवं तेज आंधी के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों एवं कमजोर संरचनाओं (कच्चे मकानों/टीन शेड) से दूरी बनाए रखें।
- मौसम संबंधी नवीनतम जानकारी और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
