Jharkhand Student Protest : बता दें कि रांची में छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान हुई उग्र झडप को लेकर अब पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने कुल 600 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिनमें 500 अज्ञात छात्र व अन्य प्रदर्शनकारी शामिल हैं।

पुलिस की जानकारी के अनुसार दर्ज FIR में आंदोलन को नेतृत्व कर रहे 100 प्रमुख प्रदर्शनकारियों को नामजद किया गया है। इसके अलावा इसमें 500 अज्ञात छात्रों एवं अन्य उपद्रवियों को आरोपी बनाया गया है।

इसी बीच रांची के SSP ने FIR में नामजदगी की बात खारिज करते हुए कहा है कि किसी के नाम से FIR दर्ज नहीं कराई गई है। लेकिन हमने विधानसभा के पास हिंसा और हंगामा करने में शामिल करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

10 अगस्त को प्रदर्शनकारियों ने किया था विधानसभा का घेराव

बता दें कि 10 अगस्त को JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर छात्रों ने विधानसभा का घेराव किया था। इस दौरान जब प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा का घेरा तोडकर आगे बढने की कोशिश की, उस दौरान उनकी पुलिस के साथ तीखी झडप हो गई। ऐसे में पुलिस को लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का प्रयोग करना पडा।

वहीं छात्र अब भी अपनी मांग को लेकर अडे हुए हैं। रांची के जयपाल स्टेडियम में अब भी छात्र आंदोलन जारी है। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की लंबी वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई सहमति नहीं बन पाई है।

छात्र आंदोलन के बीच सरकार का दावा

बता दें कि झारखंड लोक सेवा आयोग को भंग कर दिया है औऱ उसके तीनों सदस्य अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं आयोग की सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य से 10 अगस्त को पूछताछ की जानी है। दूसरी औऱ छात्र पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग पर अडे हुए है।