Jharkhand Student Protest : बता दें कि झारखंड में पेपर लीक को लेकर छात्रों का प्रदर्शन 10 अगस्त को उग्र हो गया। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी राजधानी रांची में झारखंड विधानसभा की ओर मार्च करते हुए आगे बढ गए।

ऐसे में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग भी की थी, लेकिन छात्रों ने एक के बाद एक बैरिकेड तोड दिए। वहीं पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी की बौछार, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले भी छोडे। फिर भी प्रदर्शनकारी विधानसभा परिसर तक पहुंच गए।

पुराने विधानसभा परिसर से शुरु हुआ मार्च

प्रदर्शन की शुरुआत धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा परिसर के पास हुई। इसके बाद हजारों छात्र नई विधानसभा की ओर आगे बढ गए। मार्च के दौरान छात्रों की संख्या लगातार बढ़ती गई। सभी प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर पहुंच गए। वहीं कई संस्था और एनजीओ की ओर से प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।

पानी की बौछार से भी नहीं रुके प्रदर्शनकारी

बता दें कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार भी की। ऐसे में तेज गरमी में कई छात्र पानी की बौछार की चपेट में आए। इस दौरान एक व्यक्ति पानी में साबुन लगाकर नहाते हुए भी दिखाई दिया। वहीं कई छात्र बीमार भी पड गए। कई प्रदर्शनकारियों के गिरने और अस्वस्थ होने की भी खबर सामने आई।

लाठीचार्ज और आंसू गैस का हुआ इस्तेमाल

जैसे-जैसे प्रदर्शनकारी लगातार आगे बढ़ते रहे, वैसे-वैसे पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। भीड को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोडे गए। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद छात्रों ने पीछे हटने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर बढते रहे और पुलिस के साथ उनका टकराव जारी रहा।

भारी सुरक्षा के बीच हुआ प्रदर्शन

प्रदर्शन को देखते हुए पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कई जिलों में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। विधानसभा जाने वाले कई रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। कंटीले तारों के अलावा पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। इसके बावजूद छात्रों ने बैरिकेडिंग तोडकर आगे बढ गए और आखिरकार मामला लाठीचार्ज तक पहुंच गया।