Chamoli News: उत्तराखंड के चमोली जिले से डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। थराली विकासखंड के तुंगेश्वर क्षेत्र में तैनात एक पोस्टमैन पर लोगों की महत्वपूर्ण डाक समय पर वितरित न करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि साल 2025 से अब तक की डाक को लाभार्थियों तक पहुंचाने के बजाय उसने अपने निजी कमरे में तीन से चार बोरियों में भरकर रखा हुआ था। मामला सामने आने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए पोस्टमैन हिमांशु कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
सड़क किनारे मिला आधार कार्ड
ग्रामीणों के अनुसार, मामला तब उजागर हुआ जब स्थानीय निवासी विनोद पांडे को उनकी बेटी का आधार कार्ड तुंगेश्वर–माल बजवाड़ मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा मिला। उन्होंने जब इस संबंध में पोस्टमैन से पूछताछ की तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने पोस्टमैन के कमरे का निरीक्षण किया। आरोप है कि वहां तीन से चार बोरियों में बड़ी मात्रा में डाक बंद मिली, जिन्हें महीनों से संबंधित लोगों तक नहीं पहुंचाया गया था।
ग्रामीणों का दावा है कि बोरियों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक एटीएम कार्ड, स्पीड पोस्ट, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य जरूरी सरकारी पत्र बड़ी संख्या में रखे हुए थे। समय पर डाक नहीं मिलने से कई लोगों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले डेढ़ साल से नहीं बंटी डाक
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से तुंगेश्वर क्षेत्र में नियमित डाक वितरण नहीं हो रहा था। कई ग्रामीण लंबे समय से अपने महत्वपूर्ण दस्तावेजों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्हें समय पर डाक नहीं मिली।
मामला सामने आने और ग्रामीणों के विरोध के बाद डाक विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए तुंगेश्वर पोस्ट ऑफिस में तैनात पोस्टमैन हिमांशु कुमार को निलंबित कर दिया है। विभागीय स्तर पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





