Chamoli Bridge Collapse: चमोली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। बारिश के कारण नीती घाटी को जोड़ने वाले मार्ग पर तमक नाले के पास बना वैली ब्रिज तेज टूट गया है। पुल के बह जाने से नीती घाटी की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर फिलहाल हर तरह की आवाजाही रोक दी गई है।
क्षेत्र में नदी और नालों का जलस्तर लगातार खतरे के निशान तक पहुंच रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तमक के पास उफनती नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर इस पुल को नुकसान पहुंचा है, जिससे आस-पास के इलाकों में भी खतरा बना हुआ है।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
खराब मौसम और संभावित खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से अलर्ट जारी किया है। नीती घाटी की ओर जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों से विशेष अपील की गई है कि वे फिलहाल अपनी यात्रा टाल दें।
प्रशासन के अनुसार, जब तक मौसम में सुधार नहीं होता और मार्ग के सुरक्षित होने का नया अपडेट नहीं मिलता, तब तक इस रास्ते पर आगे बढ़ना जानलेवा हो सकता है।
अधिकारियों ने लोगों को स्पष्ट हिदायत दी है कि वे उफनते नदी-नालों और भूस्खलन वाले संवेदनशील स्थानों के पास बिल्कुल न जाएं। मौके पर स्थिति की निगरानी की जा रही है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
