Chamoli Bridge Co Update: चमोली जिले की भारत-चीन सीमा से सटी नीति घाटी में सोमवार को बादल फटने के बाद अचानक हालात बिगड़ गए। तमक गधेरे में तेज बारिश के बाद पानी का बहाव इतना बढ़ गया कि BRO की ओर से बनाया गया वैली ब्रिज भी इसकी चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद नीति घाटी का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क बाधित हो गया है। इलाके में आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
नीति घाटी में तमक गधेरे में लगातार बादल फटने की सूचना
अभी तो मिली जानकारी के अनुसार तमक गधेरे में एक के बाद एक तीन बार बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद नाले में अचानक पानी बढ़ गया और तेज बहाव अपने साथ वैली ब्रिज को बहा ले गया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि नाले में अचानक आए तेज पानी और वैली ब्रिज के बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने इन घटनाओं को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे।
BRO ऑपरेटर के लापता होने की सूचना
घटना के बाद BRO के एक ऑपरेटर के लापता होने की सूचना सामने आई है। जोशीमठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ के अनुसार, उनकी BRO के मेजर से फोन पर बातचीत हुई है। मेजर ने एक ऑपरेटर के लापता होने की जानकारी दी है। आपदा की सूचना के बाद रेस्क्यू और आपदा टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी और नालों के किनारे नहीं जाने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है। ऑपरेटर की तलाश और मौके की स्थिति से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार है।
