भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड में खराब मौसम की पूर्व चेतावनी जारी की है। 4 और 5 मई 2026 को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत एवं ऊधम सिंह नगर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि, तीव्र से अति तीव्र वर्षा और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तराखंड में खराब मौसम को लेकर अलर्ट
5 मई 2026 को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि, तेज बारिश और तेज हवाओं का खतरा व्यक्त किया गया है। राज्य के शेष जनपदों में 2 मई से 6 मई 2026 तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के स्तर पर सभी जनपदों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उच्च सतर्कता बनाए रखते हुए आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि मौसम अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, पेड़ों और खंभों के नीचे न खड़े हों तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें। अधिक जानकारी और अपडेट के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट एवं सोशल मीडिया हैंडल्स पर नजर रखें।
