Ram Mandir Prasad Scam : बता दें कि Amazon India पर राम मंदिर प्रसाद के नाम पर लाखों लोगों को धोखा दिया जा रहा है। जिसके बाद भारत सरकार की एजेंसी केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने Amazon Seller Service Private Limited पर भारी जुर्माना लगाया है।
एजेंसी के मुताबिक ईकॉमर्स प्लेटफॉर्म पर साधारण मिठाई को राम मंदिर प्रसाद के नाम पर ग्राहकों को बेचा जा रहा था। Amazon के सेलर ने राम मंदिर ट्रस्ट से भी इसको लेकर कोई अनुमति नहीं लिया था। इस मिठाई पर 'राम मंदिर प्रसाद' टैग का इस्तेमाल किया था।
इस मामले में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण यानी CCPA ने Amazon पर 1 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने कंपनी को 15 दिन के भीतर यह रकम जमा करने का आदेश दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि Amazon पर 'श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद' के नाम पर यह मिठाई बेचने के लिए उपलब्ध थी। इन उत्पादों को'चंडू ट्रेडिंग कंपनी' ने 'बिहारी ब्रदर्स' ब्रांड के तहत बेचा जा रहा था। इसमें घी के लड्डू, खोया लड्डू, बूंदी लड्डू औऱ गाय के दूध के पेडे भी शामिल थे।
इन उत्पादों की पैकेजिंग और बिक्री में 'श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद' के साथ 'भगवान राम के आशीर्वाद' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। लेकिन इन मिठाइयों को बेचने के लिए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से कोई भी अनुमति नहीं ली गई थी।
Amazon सिर्फ बिचौलिया कहकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकता
CCPA ने Amazon की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कंपनी केवल यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती कि वह सिर्फ विक्रेता और ग्राहक के बीच एक मध्यस्थ है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को अपने यहां बिकने वाले ऐसे उत्पादों को लेकर जरुरी जानकारी स्पष्ट रखनी होगी। Amazon को विक्रेताओं और शिकायत अधिकारी की पूरी जानकारी भी अपने प्लेटफॉर्म पर साफ तौर पर दिखाने का निर्देश दिया गया है।

