उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के चर्चित नेता और लोक गायक पवन सेमवाल को टिहरी गढ़वाल की चम्बा पुलिस ने उनके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर एक व्यक्ति की स्कूटी को आग लगाने और उसके साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
आखिर क्या है पूरा मामला
चम्बा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नकोट बाजार निवासी वीरेन्द्र सिंह नेगी (पुत्र जब्बर सिंह नेगी) ने पुलिस को लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि दिनांक 30 मई 2026 की रात कुछ लोगों ने उनकी स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर UK14J-4945) को आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार भी किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चम्बा कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया। यह केस अपराध संख्या 22/2026 के तहत धारा 324(4), 326(एफ) और 352 बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत किया गया।टिहरी की एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे के सख्त निर्देशों के बाद अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटना से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए, तकनीकी तथ्यों को खंगाला गया और स्थानीय स्तर पर सुरागरसी की गई।
लोक गायक पवन सेमवाल साथी सहित गिरफ्तार
विवेचना के दौरान मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर घटना में दीपक नेगी और लोकगायक पवन सेमवाल की संलिप्तता पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने 10 जून 2026 को चम्बा क्षेत्र से नामजद दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।




