देश के करोड़ों होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायियों के लिए नया वित्तीय वर्ष महंगाई का झटका लेकर आया है। 1 मई से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम एकाएक 993 रुपये बढ़ गए हैं। अब इसकी नई कीमत 3071.50 रुपये हो गई है, जबकि पहले यह 2078.50 रुपये में उपलब्ध था।
यह बढ़ोतरी सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं है। मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और अन्य बड़े शहरों में भी कीमतों में सैकड़ों रुपये का इजाफा देखने को मिला है। आम लोगों के घरेलू सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन व्यावसायिक उपयोग वाले सिलेंडरों पर असर पड़ने से खाने-पीने की चीजों की कीमतें बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े
तेल कंपनियों के मुताबिक, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में उछाल आया है। मध्य पूर्व में चल रही अस्थिरता और आपूर्ति व्यवधान के कारण यह बढ़ोतरी हुई है। सरकारी तेल कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हर महीने की शुरुआत में कीमतों की समीक्षा करती हैं। इस बार 1 मई को कमर्शियल सिलेंडर पर बड़ा असर पड़ा। छोटे होटल वाले, ढाबा मालिक और कैटरिंग वाले लोग इस बढ़ोतरी से सबसे ज्यादा परेशान हैं। उनके लिए गैस सिलेंडर रोजाना का खर्चा बन चुका है। कई व्यवसायी कह रहे हैं कि अब मेन्यू में बदलाव करना पड़ेगा या कीमतें बढ़ानी होंगी, जिसका सीधा बोझ ग्राहकों पर पड़ेगा।
घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर की कीमतें फिलहाल स्थिर हैं, जो आम परिवारों के लिए राहत की बात है। लेकिन जो लोग होटलों या बाहर खाना खाते हैं, उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से महंगाई का सामना करना पड़ेगा।
