Anant Ambani Help Iqbal : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का एक किशोर इन दिनों काफी चर्चा में है। एक रहस्यमयी और परेशान करने वाली स्थिति के चलते वह अपना ज्यादातर समय तालाब के पानी में बिताता था। परिवार के मुताबिक, जैसे ही वह पानी से बाहर आता है, उसे शरीर में तेज जलन महसूस होती थी।
ऐसे में हालात इतने गंभीर हो गए कि उसकी मदद के लिए भारत के उद्योगपति अनंत अंबानी आगे आए औऱ उसे इलाज के लिए मुंबई लाया गया। किशोर का नाम इकबाल बताया जा रहा है। वह अपने परिवार के साथ मुर्शिदाबाद में रहता है। परिवार के मुताबिक, वह सुबह से लेकर देर रात तक तालाब के पानी में रहता था। कई बार वह एक तालाब से निकलकर दूसरे जलाशय में चला जाता था।
तालाब में बैठकर स्नैक्स खाते दिखा किशोर
सोशल मीडिया पर इकबाल की हालत का वीडियो वायरल हुआ। जिसमें वह तालाब के पानी में बैठकर स्नैक्स खाता नजर आया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों का ध्यान उसकी असामान्य स्थिति की तरफ गया औऱ मेडिकल विशेषज्ञों ने भी मामले को गंभीरता से देखा।
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले की जानकारी सामने आने के बाद अनंत अंबानी ने मदद के लिए कदम बढ़ाया। इसके बाद इकबाल को पश्चिम बंगाल से एयरलिफ्ट करके मुंबई लाया गया। उसे सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टर उसकी स्थिति की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
परिवार के पास इलाज के लिए नहीं थे पैसे
ANI की रिपोर्ट के अनुसार इकबाल के माता-पिता ने पहले भी उसे अस्पताल में दिखाया था। लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। परिवार के लिए लंबे समय तक इलाज का खर्च उठाना भी मुश्किल था। इसके बाद उन्होंने मदद की अपील की।
इकबाल के गांव और आसपास के लोग भी उसकी इस हालत को लेकर चिंतित थे। वह अक्सर सुबह से देर रात तक तालाब में दिखाई देता था। उसका एक जलाशय से दूसरे जलाशय तक जाना भी लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया था।

