Airport Rule Change : अगर आप भी भारत से विदेश यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए यह जरुरी खबर हो सकती है। दरअसल 1 सितंबर 2026 से देश के सभी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रक्रिया से जुडा एक बड़ा बदलाव होने जा रहा हैं।
बता दें कि अब यात्रियों को फिजिकल बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन अधिकारियों की ओर से स्टैंप नहीं लगाई जाएगी। इस फैसले का मकसद यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करना और एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रक्रिया को आसान बनाना है।
इस नई व्यवस्था के अनुसार यात्रियों को इमिग्रेशन क्लियरेंस के समय अपने स्मार्टफोन में ई-बोर्डिंग पास दिखाना होगा। यानी यात्रियों के लिए मोबाइल में अपना डिजिटल बोर्डिंग पास सुरक्षित रखना जरुरी होगा।
हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि फिजिकल बोर्डिंग पास पूरी तरह बंद हो जाएगा। अगर किसी यात्री के पास पेपर बोर्डिंग पास है तो उसे एयरपोर्ट पर स्वीकारा जाएगा, लेकिन उस पर इमिग्रेशन अधिकारी स्टैंप नहीं लगाएंगे।
स्टैंपिंग से यात्री हो रहे थे परेशान
अधिकारियों के अनुसार, फिजिकल बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन स्टैंप लगाने की प्रक्रिया के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड रहा था। कई मामलों में स्टैंप सही तरीके से नहीं लगने या गलत तरीके से लगने के कारण बोर्डिंग पास को पढने में दिक्कत होती थी।
इन सब समस्याओं को देखते हुए गृह मंत्रालय के तहत आने वाले ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन ने इस व्यवस्था की समीक्षा की और फिजिकल बोर्डिंग पास की अनिवार्य स्टैंपिंग को खत्म करने का फैसला किया।
CISF भी नहीं लगाती है बोर्डिंग पास पर स्टैंप
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि इंटरनेशनल यात्रियों के बोर्डिंग पास पर CISF की ओर से भी पर्सनल सिक्योरिटी चेक के दौरान स्टैंप नहीं लगाई जाती है।
यात्रियों को बोर्डिंग पास सिर्फ सुरक्षा और इमिग्रेशन क्लियरेंस के लिए दिखाना होता है। CISF द्वारा घरेलू औऱ अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के बोर्डिंग पास पर स्टैंप लगाने की व्यवस्था कई साल पहले ही बंद की जा चुकी हैं।

