पौड़ी में पोकलैंड मशीन से युवक की हत्या, आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार

पौड़ी जिले के सतपुली क्षेत्र में सड़क खोलने के दौरान हुए विवाद में पोकलैंड मशीन के बकेट से युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पौड़ी पुलिस ने हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने महज 48 घंटों में हत्यारोपी को धर दबोचा।
पौड़ी में युवक की हत्या
घटना 7 जून 2025 की रात 11:30 बजे की है, जब सुमन देवरानी अपने साथी के साथ गुमखाल से सतपुली की ओर जा रहे थे। मल्ली सतपुली के पास सड़क कटिंग का कार्य चल रहा था। सड़क खोलने को लेकर सुमन देवरानी की जेसीबी ऑपरेटर प्रवीण सिंह बर्थवाल, निवासी जोशीमठ, चमोली, के साथ बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि प्रवीण ने पोकलैंड मशीन के बकेट से सुमन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी पुलिस ने स्कूल में चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
थाना सतपुली में हत्या का मुकदमा (मु.अ.स. 06/2025, धारा-103(1) बी.एन.एस.) दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश्वर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री चंद्रमोहन सिंह और पुलिस उपाधीक्षक सदर श्री त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सतपुली श्री जगमोहन सिंह रमोला के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ फॉरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। अथक प्रयासों के बाद 9 जून 2025 की रात को आरोपी प्रवीण सिंह बर्थवाल को यमुनानगर, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।