विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के पास शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ युवकों ने एक होम स्टे संचालक के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कैंची पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी युवक अपनी स्कॉर्पियो कार लेकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत उनका पीछा किया, जिसके दौरान आरोपियों की कार ने तीन अलग-अलग वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ नंबर (UP 32 AR 0095) की स्कॉर्पियो में सवार पांच युवक शनिवार को कैंची क्षेत्र पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर उनका एक होम स्टे संचालक से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कैंची पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही सभी युवक वाहन लेकर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत उनका पीछा शुरू किया। भागने के दौरान आरोपियों की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कैंची से भवाली की ओर जाते समय एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार में सवार महिला घायल हो गई। वहीं आरोपियों की स्कॉर्पियो भी दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीछा करने के बाद पुलिस ने सभी पांच युवकों को पकड़ लिया और कैंची पुलिस चौकी ले आई। इसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराने के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया।




