ओमान तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी मिसाइल हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के गलोड़ (भालू गांव) निवासी 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी डेक कैडेट आदित्य शर्मा की जान चली गई। उनके पार्थिव शरीर को हमले के आठ दिन बाद बुधवार को दिल्ली पहुंचाया गया और फिर हमीरपुर लाया गया। आज गुरुवार को पैतृक गांव में पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आदित्य पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेलो पर तैनात थे। जहाज पर 24 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन तीन की मौत हो गई। आदित्य अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। परिवार गहरे शोक में डूबा हुआ है।