उत्तराखंड में मानसून की जल्दी दस्तक, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

उत्तराखंड में इस बार मानसून अपने निर्धारित समय से छह दिन पहले पहुंचने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 11 जून से राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है। देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चम्पावत, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
16 जून तक बारिश और तेज हवाओं का दौर
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में रुक-रुक कर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलती रहेंगी। इससे तापमान में कमी आने की उम्मीद है। इस मानसून सीजन में सामान्य से 6% अधिक बारिश होने की संभावना है, जो जल संसाधनों और खेती के लिए अच्छी खबर है।
उत्तराखंड में मानसून से मिलेगी राहत
मंगलवार को भीषण गर्मी और लू ने उत्तराखंड में लोगों को परेशान किया। देहरादून में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। रात का न्यूनतम तापमान भी 25.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में गर्म हवाओं और उमस ने जनजीवन को प्रभावित किया है। हालांकि, मई-जून में हुई बर्फबारी और बारिश ने कुछ राहत दी थी, लेकिन मानसून की शुरुआत गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए सुकून की खबर लेकर आई है।
यह भी पढ़ें – हनीमून की आड़ में हत्या की साजिश: मेघालय पुलिस के ‘ऑपरेशन हनीमून’ ने खोला पत्नी और प्रेमी का काला राज
आने वाले दिनों में जैसे-जैसे बारिश पूरे राज्य में फैलेगी, लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि मानसून का यह शुरुआती दौर कितना प्रभावी साबित होता है।