Uttarakhand Paper Leak: उत्तराखंड में इंजीनियरिंग सेमेस्टर परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद से धामी सरकार ने सख्त रुख अपनाया। सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और अभी तक 100 से अधिक नकल माफिया जेल जा चुके हैं।

बता दें कि हाल ही में इंजीनियरिंग की एक सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले ही Group पर वायरल हो गया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है।

मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस ने इस नकल प्रकरण मामले में त्वरित कार्रवाई की है। पेपर लीक मामले में कुछ गिरफ्तारियां भी की गई हैं और सभी कानूनी प्रावधानों के तहत दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

नकल माफियाओं के खिलाफ सरकार की सख्ती का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने कहा कि राज्य का नकल विरोधी कानून पूरे देश में सबसे सख्त है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता को लेकर सरकार का मत पहले दिन से ही साफ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद से अब तक 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया है कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले तत्वों से पूरी सख्ती के साथ निपटा जा रहा है।