उत्तराखंड कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। गणेश गोदियाल को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर जहां भाजपा ने तंज कसा, वहीं गोदियाल ने भी पलटवार करने में देर नहीं की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गणेश गोदियाल को बधाई देते हुए कहा कि मुख्य विपक्षी दल को बधाई दी जानी चाहिए कि उन्होंने देर से ही सही, अपनी एक नई टीम बना ली है। हालांकि, भट्ट ने कांग्रेस की नई टीम पर व्यंग्य करते हुए कहा कि इसमें ज्यादातर पुराने चेहरे ही शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “गणेश गोदियाल पहले भी अध्यक्ष रहे हैं, प्रीतम सिंह भी पहले प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। हमारे लिए कोई नया चेहरा नहीं है। हां, हरक सिंह इस बार कांग्रेस में आए हैं, उनकी वजह से पार्टी के अंदर कुछ हलचल जरूर दिखेगी।
उधर, जब पत्रकारों ने कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भाजपा अध्यक्ष की टिप्पणी पर सवाल किया, तो उन्होंने भी करारा जवाब दिया। गोदियाल ने कहा, महेंद्र भट्ट कौन से नए हैं? उन्हें चमोली में किस नाम से जाना जाता है, यह मैं इस मौके पर नहीं कहना चाहता।
कांग्रेस में हालिया नेतृत्व बदलाव के बाद राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं, भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी का दौर भी तेज होता दिख रहा है।
