# उत्तराखंड: सतपुली-गुमखाल मार्ग पर पोकलैंड मशीन से युवक की बेरहमी से हत्या, आरोपी फरार

> उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सतपुली-गुमखाल मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगी पोकलैंड मशीन के चालक ने एक युवक की बेरहमी…

**Published:** 2025-06-08 17:54:56  
**Author:** भुप्पी पंवार  
**Category:** पौड़ी गढ़वाल  
**Canonical URL:** https://paharipatrika.in/youth-was-killed-by-a-pokland-machine-on-satpuli-gumkhal-road-the-accused-is-absconding/  
**HTML:** https://paharipatrika.in/youth-was-killed-by-a-pokland-machine-on-satpuli-gumkhal-road-the-accused-is-absconding/

---

उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सतपुली-गुमखाल मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगी पोकलैंड मशीन के चालक ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान नोसिन डाडामंडी निवासी सुमन देवरानी के रूप में हुई है, जो सतपुली में फोटोग्राफर का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार देर रात सतपुली थाना क्षेत्र के मल्ली गांव में हुई। सुमन देवरानी गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर सतपुली लौट रहा था। इसी दौरान पोकलैंड मशीन के चालक ने कथित तौर पर मशीन के अगले हिस्से से सुमन के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार के बेस चिकित्सालय भेजा। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने चिकित्सालय के बाहर जाम लगा दिया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।

निर्माण कार्य कर रही कंपनी श्री कल्याण शिवालिक इंफ्रा पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी की लापरवाही और चालक की मनमानी के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

https://twitter.com/askbhupi/status/1931623718603624553?t=C8Jf3oWlNdKXdovP-85YkQ&s=19
