# उत्तरकाशी पुलिस ने स्कूल में चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

> उत्तरकाशी जिले के पुरोला थाना क्षेत्र अंतर्गत रामा प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुरोला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर शातिर चोर को गिरफ्ता…

**Published:** 2025-06-10 15:18:27  
**Author:** भुप्पी पंवार  
**Category:** उत्तरकाशी  
**Canonical URL:** https://paharipatrika.in/uttarkashi-police-arrested-the-accused-of-theft-in-school-stolen-goods-recovered/  
**HTML:** https://paharipatrika.in/uttarkashi-police-arrested-the-accused-of-theft-in-school-stolen-goods-recovered/

---

उत्तरकाशी जिले के पुरोला थाना क्षेत्र अंतर्गत रामा प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुरोला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।

9 जून 2025 को रा.प्रा.वि. रामा के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय दमोड़ा ने थाना पुरोला में लिखित तहरीर दी थी, जिसमें बताया गया कि 7 जून 2025 रात को अज्ञात चोर ने स्कूल के भोजन कक्ष का ताला तोड़कर गैस भट्टी, बर्तन और खाद्य सामग्री चुरा ली। इस आधार पर पुलिस ने धारा 305/331(4) BNS के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के निर्देशन में पुरोला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र में पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज की जांच और सुरागरसी के आधार पर 9 जून की रात को रामा वेस्टी रोड से अभियुक्त दिलीप बहादुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त दिलीप बहादुर (28 वर्ष), पुत्र दीपक बहादुर, मूल रूप से नेपाल के जाजरकोट, थाना व जिला सुरखेत का निवासी है और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के सरान थाना क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त थाना पुरोला में पहले दर्ज दो चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
