Uttarkashi News: डबराणी में हिमस्खलन से गंगोत्री हाईवे हुआ बंद, देखें वीडियो

बीते दो दिनों से उत्तराखंड में हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रखा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने मुसीबतें बढ़ा दी है। आज सुबह चमोली जिले के माणा क्षेत्र में हिमस्खलन होने से 57 मजदूर दब गए थे। जिनमें से 25 का रेस्क्यू किया जा चुका है। वहीं उत्तरकाशी में डबराणी के पास हिमस्खलन होने की वजह से गंगोत्री हाईवे बंद हो गया है। गनीमत रही कि इस दौरान वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

उत्तरकाशी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अधिक बर्फबारी होने से डबराणी में हिमस्खलन होना शुरू हुआ। जिसकी वजह से भारी मात्रा में कच्ची बर्फ के साथ बोल्डर और मलबा गंगोत्री हाईवे से होता हुआ भागीरथी नदी में जा गिरा।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के इन जिलों में आज बंद रहेंगे स्कूल, यह है वजह

डबराणी में हिमस्खलन से यातायात ठप्प

गंगोत्री नेशनल पार्क के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मौके पर मार्ग को खोलने के लिए सुबह ही मशीनरी तैनात होगी। गंगनानी से आगे मार्ग से आवाजाही को रोकने के लिए भटवाड़ी पुलिस स्टेशन को सूचित कर दिया गया है। दूसरी ओर जनपद उत्तरकाशी में लगातार बारिश का दौर जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है। मौसम विभाग द्वारा भी भारी बारिश तथा बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।

जिले में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते BRO की मशीन वहां पर कार्य नहीं कर पा रही। उत्तरकाशी पुलिस ने जानकारी देकर बताया कि गंगोत्री हाईवे पर स्थान डबरानी के बाधित हो गया है, उत्तरकाशी मे लगातार बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है, मौसम विभाग द्वारा भी भारी बारिश तथा बर्फवारी का अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस द्वारा लोगों से अनावश्यक सफर ना करने की अपील की और किसी भी प्रकार की पुलिस सहायता हेतु 112 डायल करें।

Back to top button