गत सप्ताह में जम्मू कश्मीर में तैनात पौड़ी गढ़वाल निवासी दीपेंद्र सिंह रावत और अब चमोली निवासी खिलाफ सिंह नेगी के शहीद होने की खबरों ने उत्तराखंड को झकझोर के रख दिया। खिलाफ सिंह नेगी दो साल पहले सेना में भर्ती हुए थे।
यह भी पढ़ें- दुखद खबर: जम्मू-कश्मीर में गढ़वाल राइफल का जवान शहीद, 3 दिन पहले ड्यूटी पर लौटा था दीपेंद्र
जानकारी के अनुसार चमोली जनपद नंदानगर विकास खंड के दूरस्थ कनोल गांव निवासी खिलाफ सिंह नेगी वर्ष 2021 में लैंसडाउन से भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। 21 वर्षीय खिलाफ सिंह नेगी के बड़े भाई की गोपेश्वर में कपड़ों की दुकान है जबकि कुछ समय पहले बहन की शादी हुई थी। खिलाफ सिंह वर्तमान में जयपुर में तैनात था।
बताया जा रहा कि जवान खिलाफ सिंह नेगी का पिछले एक माह से लखनऊ के अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार शाम करीब 5 बजे खिलाफ सिंह ने दम तोड़ दिया। बेटे की शहीद की खबर मिलते ही मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीएम धामी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि माँ भारती की रक्षा करते हुए कनोल गांव, चमोली निवासी देवभूमि के सपूत खिलाप सिंह नेगी जी के शहीद होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। आपके द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान समस्त देशवासियों को राष्ट्र सेवा हेतु सदैव प्रेरित करता रहेगा।