---
title: "UKSSSC PAPER LEAK: पेपर लीक पर कांग्रेस का हंगामा, हाकम और सरकार का पुतला जलाया"
slug: "uksssc-paper-leak-congress-creates-ruckus-over-paper-leak-burns-effigies-of-rulers-and-government"
author: "भुप्पी पंवार"
category: "उत्तराखंड"
published: "2025-09-24 06:07:52"
updated: "2026-06-17 04:40:37"
canonical: "https://paharipatrika.in/uksssc-paper-leak-congress-creates-ruckus-over-paper-leak-burns-effigies-of-rulers-and-government/"
format: "article"
publisher: "Pahari Patrika"
---

# UKSSSC PAPER LEAK: पेपर लीक पर कांग्रेस का हंगामा, हाकम और सरकार का पुतला जलाया

> UKSSSC PAPER LEAK: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तर की पटवारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों को लेकर कोटद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने …

**UKSSSC PAPER LEAK: **उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तर की पटवारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोपों को लेकर कोटद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और कथित नकल माफिया हाकम सिंह के खिलाफ नारे लगाए और उनका पुतला जलाया।

## पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि राज्य में पेपर लीक की घटनाएं अब आम हो चुकी हैं, लेकिन सरकार चुपचाप तमाशा देख रही है। विनोद डबराल ने कहा, "यह पहली बार नहीं हो रहा। उत्तराखंड में हर बड़ी परीक्षा से पहले पेपर लीक की खबरें आती हैं, लेकिन सरकार कोई कड़ा कदम नहीं उठाती। यह बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।"

उन्होंने हाकम सिंह पर भी निशाना साधा और कहा कि ऐसे माफिया को भाजपा के बड़े नेताओं का संरक्षण मिला हुआ है, वरना वे इतने बेशर्मी से घूमते नहीं। डबराल ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के एक लाख नौकरियों के वादे का भी जिक्र किया और कहा कि अब सरकार बेरोजगारों की आंखों में धूल झोंक रही है।

**सीबीआई जांच की मांग **

कांग्रेस ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। साथ ही, जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस्तीफे की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्दी कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी पूरे राज्य में उग्र आंदोलन शुरू कर देगी।

प्रदर्शन में कांग्रेस नेत्री रंजना रावत, लक्ष्मी चौहान, शीला भारती, ज्योति, बलबीर सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष देवेंद्र नैथानी, शिक्षा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह पयाल, दलीप सिंह रावत, कैप्टन शैलेंद्र सिंह, प्रवेश राणा, भारत सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह नेगी, चंद्रमोहन रावत, जयदेव भट्ट, महावीर नेगी, कुलवंत पुंडीर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन इसका असर राज्य स्तर पर दिखने की उम्मीद है।
