# उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट, यह तीन विधायक बन सकते हैं मंत्री

> उत्तराखंड की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार करने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसा…

**Published:** 2025-08-27 06:59:57  
**Author:** भुप्पी पंवार  
**Category:** हरिद्वार  
**Canonical URL:** https://paharipatrika.in/three-mlas-may-get-a-chance-in-cabinet-expansion-in-uttarakhand/  
**HTML:** https://paharipatrika.in/three-mlas-may-get-a-chance-in-cabinet-expansion-in-uttarakhand/

---

उत्तराखंड की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार करने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट में तीन नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की भी संभावना है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह विस्तार केवल कैबिनेट तक सीमित नहीं रहेगा। सरकार ने 16 राज्य मंत्रियों की सूची भी तैयार कर ली है, जिसे जल्द ही सार्वजनिक किया जा सकता है। इसके साथ ही कुमाऊं मंडल विकास निगम और गढ़वाल मंडल विकास निगम के अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा भी इस प्रक्रिया का हिस्सा होगी।

## **उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार में इन को मिल सकता मौका **

इस विस्तार में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। केदारनाथ से विधायक आशा नौटियाल का नाम मंत्री पद के लिए प्रमुखता से उभरकर सामने आया है। उनके अलावा हरिद्वार से बीजेपी विधायक प्रदीप बत्रा और कुमाऊं क्षेत्र से फकीर राम टम्टा के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल हैं। इन नेताओं का क्षेत्रीय प्रभाव और सियासी अनुभव उन्हें मंत्रिमंडल में जगह दिलाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

**2027 चुनाव की होगी रणनीति**

पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह विस्तार 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। बीजेपी ऐसे चेहरों को मौका देना चाहती है, जिनका जनाधार मजबूत हो और जो संगठन के साथ लंबे समय से सक्रिय हों। इस कवायद से सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की कोशिश भी की जा रही है।

राजनीतिक हलकों में इस विस्तार को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल करने के साथ सरकार किस तरह क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधती है।
