---
title: "चमोली: नवजात की हत्या का दिल दहलाने वाला मामला, मां गिरफ्तार, संभावित पिता की तलाश जारी"
slug: "shocking-case-of-murder-of-a-newborn-in-chamoli-mother-arrested"
author: "भुप्पी पंवार"
category: "चमोली"
published: "2025-05-22 13:21:13"
updated: "2026-06-20 06:52:17"
canonical: "https://paharipatrika.in/shocking-case-of-murder-of-a-newborn-in-chamoli-mother-arrested/"
format: "article"
publisher: "Pahari Patrika"
---

# चमोली: नवजात की हत्या का दिल दहलाने वाला मामला, मां गिरफ्तार, संभावित पिता की तलाश जारी

> चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड के एक गांव से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक विधवा महिला ने अपने नवजात शिशु को जन्म देने के बाद उसे गोबर के ढेर म…

चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड के एक गांव से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक विधवा महिला ने अपने नवजात शिशु को जन्म देने के बाद उसे गोबर के ढेर में दबाकर मार डाला। ग्रामीणों को जब इसकी भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत नंदानगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला मंगल दल की सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचकर गोबर के ढेर से नवजात के शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

**10 साल पहले पति की मौत **

जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला का पति 10 साल पहले करंट लगने से मर चुका है। वर्तमान में महिला के तीन बच्चे हैं। पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 91 (गैरकानूनी गर्भपात या भ्रूण नष्ट करना) और धारा 94 (शव छिपाने या नष्ट करने का अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। महिला ने अभी तक संभावित पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट के आधार पर नवजात के पिता की पहचान की जाएगी। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में जुटी है, और जांच जारी है।
