# Rudrapur HP Petrol Pump:  रुद्रपुर के HP पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद बंद हुईं बाइकें, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

> रुद्रपुर के HP पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद बंद हुईं दर्जनों बाइकें, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

**Published:** 2026-07-02 06:01:49  
**Author:** भुप्पी पंवार  
**Category:** उत्तराखंड  
**Canonical URL:** https://paharipatrika.in/rudrapur-hp-petrol-pump-bikes-stopped-after-filling-petrol-at-hp-petrol-pump-in-rudrapur-samples-sent-for-testing/  
**HTML:** https://paharipatrika.in/rudrapur-hp-petrol-pump-bikes-stopped-after-filling-petrol-at-hp-petrol-pump-in-rudrapur-samples-sent-for-testing/

---

**Rudrapur HP Petrol Pump:  **Uttarakhand के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित एक HP पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद दर्जनों बाइकों के अचानक चलते-चलते रास्ते में बंद हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और खराब ईंधन मिलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।


विवाद के दौरान कुछ उपभोक्ताओं की बाइकों के टैंक से पेट्रोल निकालकर जांच की गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, निकाले गए पेट्रोल का रंग अलग-अलग दिखाई दे रहा था, जिससे ईंधन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए। मामला बढ़ता देख पेट्रोल पंप प्रबंधन ने जिन उपभोक्ताओं की बाइकों से पेट्रोल निकलवाया गया था, उन्हें पेट्रोल की राशि वापस कर दी।


सूचना मिलने पर जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर पेट्रोल पंप को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पेट्रोल के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बाइकों के बंद होने की वजह ईंधन की गुणवत्ता थी या कोई अन्य तकनीकी कारण।
