नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Elections 2024) में हैट्रिक लगाने के लिए भारतीय जनता (BJP) ने बड़ी रणनीति तैयार कर डाली है। राजधानी दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए दिल्ली भाजपा ने बीते शुक्रवार को प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया है।
पार्टी ने सातों सीटों को जीतने का दारोमदार वरिष्ठ और संगठन में पकड़ रखने वाले नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है।इसके साथ ही बीजेपी ने जिला और मोर्चों के प्रभारियों की भी घोषणा कर दी है. बता दें भाजपा ने जिन नेताओं पर लोकसभा चुनाव के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी हैं उन्हें संगठन विस्तार से लेकर संगठन को मजबूत करने का लंबा अनुभव है।
इसीलिए पार्टी ने नई दिल्ली लोकसभा में पूर्व महामंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह को नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया है। इसी तरह पूर्व महापौर के साथ ही दो बार के प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा को पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र प्रभारी बनाया गया है।
साथ ही पूर्व महापौर प्रदेश भाजपा के महामंत्री योंगेद्र चांदोलिया को उत्तर-पश्चिम लोकसभा, कमलजीत सहरावत को उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा, निगम में स्थायी समिति के डिप्टी चेयरमैन रहे और प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया को चांदनी चौक, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर को दक्षिणी दिल्ली जबकि पूर्व महापौर के साथ ही प्रदेश महामंत्री रहे जय प्रकाश को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं,
कपिल मिश्रा को केशवपुरम जिले में सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है जबकि, आम आदमी पार्टी से भाजपा में वापस आए राजकुमार बल्लन को किसान मोर्चा का प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।