# केदारनाथ धाम के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना, दो वर्षीय बच्ची समेत 7 लोगों की मौत

> उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के पास रविवार तड़के एक दुखद हेलीकॉप्टर हादसा हुआ, जिसमें सवार सात लोगों, जिसमें एक बच्ची भी शामिल है, के मारे जाने की आशंका जताई जा रह…

**Published:** 2025-06-15 09:31:07  
**Author:** भुप्पी पंवार  
**Category:** चमोली  
**Canonical URL:** https://paharipatrika.in/helicopter-crash-near-kedarnath-dham-7-people-including-a-two-year-old-girl-died/  
**HTML:** https://paharipatrika.in/helicopter-crash-near-kedarnath-dham-7-people-including-a-two-year-old-girl-died/

---

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के पास रविवार तड़के एक दुखद हेलीकॉप्टर हादसा हुआ, जिसमें सवार सात लोगों, जिसमें एक बच्ची भी शामिल है, के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब आर्यन एविएशन का एक हेलीकॉप्टर केदारनाथ से फाटा की ओर जा रहा था और गौरीकुंड के पास गौरी माई खर्क के ऊपर जंगली क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई ।

**महिलाओ ने दी जानकारी **

स्थानीय नेपाली मूल की महिलाओं, जो उस समय घास काट रही थीं, ने हादसे को देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं, और मलबे से शवों को निकाला जा चुका है। मृतकों में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के कर्मचारी विक्रम सिंह रावत भी शामिल हैं। हेलीकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हादसे की पुष्टि की है।

**मृतकों का विवरण **

- कैप्टेन राजबीर सिंह चौहान पायलट (जयपुर)

- विक्रम रावत बीकेटीसी निवासी रासी ऊखीमठ

-  विनोद देवी निवासी उत्तरप्रदेश उम्र 66

- . तृष्टि सिंह उत्तरप्रदेश उम्र 19 वर्ष

-  राजकुमार सुरेश जायसवाल निवासी गुजरात उम्र 41 वर्ष

-  श्रद्धा राजकुमार राजकुमार जायसवाल निवासी महाराष्ट्र

-  काशी निवासी महाराष्ट्र बालिका उम्र 02 वर्ष

**बचाव अभियान जारी**

वर्तमान हादसे में बचाव अभियान जारी है, और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की श्रृंखला में एक और दुखद घटना है, जिसने क्षेत्र में हवाई यात्रा की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

**पहले भी हो चुकी है आपात लैंडिंग**

बता दें कि इससे पहले 7 जून को केदारघाटी में एक हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग करानी पड़ी थी। बडासू हेलिपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी के कारण पायलट ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतारा था। उस हादसे में पायलट को पीठ में चोट लगी थी, लेकिन उनकी सूझबूझ से पांच यात्रियों की जान बच गई थी। हालांकि, लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर की टेल टूटकर एक कार पर गिर गई थी, और पंखों की चपेट में आने से एक दुकान को नुकसान पहुंचा था।
