---
title: "पूर्व प्रेमी ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर तोड़ा रिश्ता, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा"
slug: "former-lover-broke-the-relationship-by-making-obscene-photos-and-videos-viral-police-filed-a-case"
author: "भुप्पी पंवार"
category: "नैनीताल"
published: "2025-06-24 10:28:41"
updated: "2026-06-17 04:40:37"
canonical: "https://paharipatrika.in/former-lover-broke-the-relationship-by-making-obscene-photos-and-videos-viral-police-filed-a-case/"
format: "article"
publisher: "Pahari Patrika"
---

# पूर्व प्रेमी ने अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर तोड़ा रिश्ता, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

> हल्द्वानी में एक युवती की शादी से ठीक पहले उसके पूर्व प्रेमी ने उसकी जिंदगी में उथल-पुथल मचा दी। आरोपी ने युवती की अश्लील तस्वीरें और वीडियो उसके मंगेतर और ससुर…

हल्द्वानी में एक युवती की शादी से ठीक पहले उसके पूर्व प्रेमी ने उसकी जिंदगी में उथल-पुथल मचा दी। आरोपी ने युवती की अश्लील तस्वीरें और वीडियो उसके मंगेतर और ससुराल वालों को भेजकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिसके चलते उसका रिश्ता टूट गया। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और केवल एक सप्ताह का समय बाकी था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

## पूर्व प्रेमी ने वायरल की अश्लील वीडियो

मुखानी क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 6 जून को नैनीताल के एक युवक के साथ तय हुई थी। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन चम्पावत के रहने वाले उसके पूर्व प्रेमी ने उसकी शादी तोड़ने की साजिश रची। उसने युवती के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो वायरल कर दिए। पीड़िता ने बताया कि सितंबर 2024 में भी आरोपी ने ऐसी हरकत की थी, जिसके बाद उसे थाने में बुलाकर माफी मांगने को कहा गया था। उस समय उसने पुलिस और परिजनों के सामने दोबारा ऐसी हरकत न करने का वादा किया था।

लेकिन, शादी से कुछ दिन पहले आरोपी ने फिर से युवती के अश्लील फोटो और वीडियो उसके मंगेतर और ससुराल पक्ष के लोगों को भेज दिए। इसके बाद मंगेतर ने शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने बताया कि शादी के कार्ड छप चुके थे, मैरिज हॉल बुक था और कैटरिंग का भुगतान भी हो चुका था। इस घटना से न केवल उसका रिश्ता टूटा, बल्कि परिवार की इज्जत को भी ठेस पहुंची। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे प्यार के जाल में फंसाकर धोखे से ये अश्लील सामग्री बनाई थी।

मुखानी थाने के एसओ दिनेश जोशी ने बताया कि चम्पावत निवासी आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 256, 77 और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
