# उत्तराखंड: विद्युत विभाग ने काटी लाइट तो नगर पालिका ने किय गेस्ट हाउस सीज

> उत्तराखंड के मसूरी में नगर पालिका और विद्युत विभाग में बकाया को लेकर विवाद शुरू हो गया। एक तरफ जहां विद्युत विभाग ने नगर पालिका प्रशासन द्वारा स्ट्रीट लाइट का भ…

**Published:** 2025-03-27 08:05:16  
**Author:** भुप्पी पंवार  
**Category:** देहरादून  
**Canonical URL:** https://paharipatrika.in/electricity-department-cut-street-light-then-municipal-department-seized-guest-house/  
**HTML:** https://paharipatrika.in/electricity-department-cut-street-light-then-municipal-department-seized-guest-house/

---

उत्तराखंड के मसूरी में नगर पालिका और विद्युत विभाग में बकाया को लेकर विवाद शुरू हो गया। एक तरफ जहां विद्युत विभाग ने नगर पालिका प्रशासन द्वारा स्ट्रीट लाइट का भुगतान नहीं करने पर बिजली का कनेक्शन काट दिया तो फिर नगर पालिका ने विद्युत विभाग द्वारा गेस्ट हाउस का टैक्स भुगतान नहीं करने पर उसे सीज कर दिया।

## **विद्युत विभाग काटी लाइट **

जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग ने मंगलवार की देर शाम को पालिका प्रषासन द्वारा स्ट्रीट लाइट का भुगतान ना किये जाने को लेकर मसूरी घंटा घर क्षेत्र में पालिका द्वारा संचालित स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन को काट दिया गया जिससे पूरे क्षेत्र अंधेरे में डूब गया।

## **नगर पालिका ने सीज किया गेस्ट हाउस **

 वही दूसरी ओर नगर पालिका प्रशासन द्वारा विद्युत विभाग द्वारा कुंज भवन गेस्ट हाउस का हाउस टैक्स का भुगतान न किए जाने पर कुंज भवन गेस्ट हाउस और विद्युत सब स्टेशन के मुख्य गेट पर ताला लगाकर सीज कर दिया गया जिससे मसूरी कुंज भवन के सब स्टेषन से मसूरी के आधी से ज्यादा आबादी की विद्युत सेवा करीब एक घंटे के लिये बाधित रही।

**क्या बोले अधिकारी **

विद्युत विभाग के मसूरी के एसडीओ पंकज थपलियाल ने बताया कि नगर पालिका द्वारा काफी समय से स्ट्रीट लाइट के बिलों का भुगतान नहीं किया गया था जिस पर उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर मंगलवार को देर रात को घंटाघर की स्ट्रीट लाइट को काटा गया था।

 उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा कुंज भवन के भवन कर को जमा करने को लेकर 18 मार्च को नोटिस दिया गया था जिसमें 15 दिन का समय दिया गया था परंतु नगर पालिका द्वारा बिना पूर्व में सूचना दिए बुधवार को अचानक से कुंज भवन के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया जिससे कुंज भवन के अंदर विद्युत का सब स्टेशन को संचालन करने में दिक्कत पेश आई। उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए कुंज भवन से सप्लाई होने वाली  विद्युत सेवा बाधित हुई थी परंतु करीब 1 घंटे के बाद विद्युत सेवाओं को बहाल कर दिया गया था।

**नगर पालिका अधिकारी ने कही यह बात **

मसूरी नगर पालिका अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह ने कहा कि विद्युत विभाग को पिछले कई सालों से अपना बकाया टैक्स जमा नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग की मसूरी नगर पालिका की संपत्ति का करीब 24 करोड़ की टैक्स बकाया है जिसको लेकर नगर पालिका द्वारा विद्युत विभाग को लगातार नोटिस भेज रहे हैं परंतु विद्युत विभाग टैक्स को जमा नहीं कर रहा है ।
